पंतनगर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पंतनगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में पहुंचे और मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि से जुड़ी नई तकनीकों और उत्पादों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री के पंतनगर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान वह गांधी हॉल में आयोजित किसान गोष्ठी में भी शामिल हुए, जहां किसानों से संवाद किया गया।
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित यह किसान मेला 13 से 16 मार्च तक चलेगा। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और कृषि नवाचारों की जानकारी देना है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
किसान मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को फसल उत्पादन, पशुपालन, बागवानी और अन्य कृषि गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। साथ ही किसानों को विश्वविद्यालय के विभिन्न अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण कराकर आधुनिक खेती की तकनीकों से भी अवगत कराया जा रहा है।
इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मेले में पहुंचे और कृषि से जुड़े स्टॉलों व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मेले में नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

