जींद। हरियाणा में मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने ‘टटिहरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के कुछ शब्दों और वीडियो को लेकर आपत्ति जताते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस मामले में संज्ञान लिया है और गायक को स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द महिलाओं की गरिमा और हरियाणवी संस्कृति के खिलाफ हैं। इसी मामले में बादशाह को 13 मार्च को पानीपत में पेश होने के लिए कहा गया है, जहां उनसे गाने के विवादित शब्दों को लेकर जवाब मांगा जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस गाने को लेकर सामाजिक संगठनों और कुछ लोगों ने शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गाने के बोल महिलाओं के प्रति अपमानजनक हैं और युवाओं पर इसका गलत प्रभाव पड़ सकता है।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। कुछ स्थानों पर गाने को लेकर एफआईआर दर्ज किए जाने और जांच के लिए कमेटी बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर गाने से किसी को दुख पहुंचा है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

