उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयानों से आहत होकर जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में प्रशांत सिंह अपनी पत्नी को फोन पर भावुक होते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने रोते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में इस्तीफा दिया है। उन्होंने यह भी कहा, “जिसका नामक खाते हैं, उसका सम्मान करना चाहिए। यह मेरे लिए असहनीय हो गया।”
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को भेजे गए अपने इस्तीफे में प्रशांत कुमार सिंह ने लिखा कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद भोले-भाले अधिकारियों को प्रभावित कर लोकतंत्र के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उनका कहना था कि ऐसी गतिविधियों से भारत के संविधान और संवैधानिक व्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है। इसी आहत होने के कारण उन्होंने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के समर्थन में तथा शंकराचार्य के विरोध में अपना इस्तीफा सौंपा।
प्रशांत सिंह ने अपने पत्र में आगे लिखा कि पिछले कई दिनों से अविमुक्तेश्वरानंद समाज में जातिवाद फैलाने और देश एवं प्रदेश को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। इन घटनाओं से आहत होकर उन्होंने अपनी निष्ठा और संवेदनशीलता के आधार पर यह कदम उठाया।
उन्होंने खुद को “नियमावली का पालन करने वाला निष्ठावान कर्मचारी” बताते हुए लिखा कि उनका कर्तव्य केवल वेतन लेना नहीं है, बल्कि अनर्गल और अपमानजनक टिप्पणियों को सहन करने की कोई जिम्मेदारी नहीं है। एक संवेदनशील और राष्ट्रभक्त व्यक्ति होने के नाते, देश, राज्य, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ अपमानजनक बयानों से उनका मन आहत हुआ।
प्रशांत कुमार सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने इस्तीफे के स्वीकार होने तक अपने पद और कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा और नियमों के अनुसार जारी रखने की प्रतिज्ञा की है।

