शिमला। वरिष्ठ भाजपा नेता कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शिमला स्थित लोकभवन में आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावलिया ने उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कविंद्र गुप्ता ने हिंदी भाषा में शपथ पत्र पढ़ा। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर समेत कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
शपथ लेने के बाद राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि राज्यपाल का पद किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि पूरे प्रदेश और जनता के हित में काम करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे राज्य और केंद्र सरकार के बीच समन्वय बनाकर हिमाचल प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
कविंद्र गुप्ता इससे पहले लद्दाख के उपराज्यपाल रह चुके हैं। इसके अलावा वे जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर और राज्य के उपमुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं।
बताया जा रहा है कि उनके नेतृत्व में राज्य में पर्यटन, युवाओं के रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

