शराब दुकानें खुली रहें और स्कूल बंद? आम आदमी पार्टी का शिक्षा बचाओ अभियान तेज
नोएडा | 20 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश सरकार एक तरफ जहां शराब की दुकानों का विस्तार कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों को बंद करने की तैयारी में है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है और इसे शिक्षा के अधिकार पर सीधा हमला करार दिया है।
शनिवार को नोएडा सेक्टर-29 स्थित मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार परिषदीय स्कूलों का विलय कर उन्हें धीरे-धीरे बंद करने की साजिश रच रही है। इसके विरोध में आम आदमी पार्टी आगामी 2 अगस्त को लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में “स्कूल बचाओ अभियान” चलाएगी।
टोल फ्री नंबर से जुड़ें आंदोलन से
संजय सिंह ने इस अभियान में जनता की भागीदारी के लिए एक टोल फ्री नंबर 7500040004 जारी किया, जिस पर मिस कॉल देकर कोई भी नागरिक आंदोलन का हिस्सा बन सकता है।
दलित, पिछड़े और गरीब बच्चों के साथ अन्याय
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की बदहाली के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार जिम्मेदार है। अब इन स्कूलों को बंद कर दलित, पिछड़े, गरीब और अल्पसंख्यक बच्चों के साथ शिक्षा के मौलिक अधिकार को छीना जा रहा है।
INDIA गठबंधन से दूरी
संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा गठबंधन धर्म का पालन न करने के कारण आम आदमी पार्टी अब INDIA गठबंधन से अलग हो गई है और आगे के सभी चुनाव पार्टी अपने दम पर लड़ेगी।
प्रेसवार्ता में दिलीप पांडे, विशेष रवि, पंकज अवाना और राकेश अवाना सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
