मंगल पांडे: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत को श्रद्धांजलि – डॉ. अभिषेक वर्मा
नई दिल्ली, 19 जुलाई 2025 – शिवसेना के मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक (NDA) एवं चुनाव प्रभारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने आज महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का “अग्रदूत” करार दिया।
प्रेस बयान में डॉ. वर्मा ने कहा कि,
“मंगल पांडे भारत के पहले ऐसे क्रांतिकारी थे जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज उठाकर स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी। उनका बलिदान हम सभी को यह सिखाता है कि दृढ़ निश्चय और साहस से कोई भी बदलाव संभव है।”
1857 की क्रांति के प्रतीक मंगल पांडे, ब्रिटिश शासन के खिलाफ बगावत करने वाले पहले सैनिकों में शामिल थे। उन्होंने अन्याय के खिलाफ जो विद्रोह किया, वह भारत में स्वतंत्रता के लिए शुरू हुए जनआंदोलन की चिंगारी बन गया।
डॉ. वर्मा ने कहा कि मंगल पांडे का योगदान केवल ऐतिहासिक नहीं बल्कि प्रेरणादायक भी है।
“उनका बलिदान युगों तक हमें मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। मां भारती के इस वीर सपूत को कोटि-कोटि नमन।”
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे मंगल पांडे की तरह सत्य, साहस और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाएं और देश की प्रगति में अपना योगदान दें।

