अमृतसर। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने आज यानी शनिवार को कांग्रेस छोड़ दी है। इससे पहले पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी के खिलाफ विवादित बयानबाजी को लेकर डॉक्टर सिद्धू को 8 दिसंबर 2025 को सस्पेंड किया था।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा था कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का पद पाने के लिए 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देना पड़ता है, जिसे पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए उन पर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान जिला कांग्रेस शहरी के नवनियुक्त प्रधान सौरव प्रधान बिट्टू ने भी डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ तीखी बयानबाजी की थी।
सिद्धू के खिलाफ काफी सबूत
उन्होंने कहा था कि वह डॉक्टर सिद्धू के खिलाफ काफी सबूत सामने ला सकते हैं। यहां तक कि बिट्टू ने विधानसभा हलका ईस्ट में निगम चुनाव के दौरान टिकट बेचने के आरोप लगाए थे। इसके बाद डॉक्टर सिद्धू ने बिट्टू को नोटिस भी भेजा था।
दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी के पंजाब दौरे से ठीक पहले डॉ. सिद्धू के पार्टी छोड़ने को लेकर उनके भाजपा में जाने के कयास भी लगाए जा रहे हैं। जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान सौरव मदन बिट्टू के मुताबिक उन्होंने 3 महीने पहले ही कहा था कि सिद्धू दंपती भाजपा के एजेंट हैं और जल्द ही उनको भाजपा में जाना है।

