दिल्ली में हथियारों के दम पर टाटा हैरियर लूट और किडनैपिंग का मामला 24 घंटे में सुलझाया, 3 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के थाना किशनगढ़ की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गाड़ी लूट और किडनैपिंग के सनसनीखेज मामले को महज़ 24 घंटे में सुलझा लिया है। इस कार्रवाई में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने कुतुब इंस्टिट्यूशनल एरिया से एक टाटा हैरियर कार लूटी और ड्राइवर को अगवा कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टाटा हैरियर SUV, दो मोबाइल फोन और एक देशी पिस्टल भी बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी निगरानी (Technical Surveillance), सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से अपराधियों को ट्रैक किया और धर दबोचा।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी हथियारों से लैस थे और घटना को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया था। पीड़ित ड्राइवर को घटना के कुछ घंटों बाद एक सुनसान इलाके में छोड़ दिया गया। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए केस दर्ज किया और ऑपरेशन शुरू किया।
थाना किशनगढ़ की तत्परता और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दिल्ली पुलिस अपराधियों को खुला मैदान नहीं देने वाली। गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

