नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आनंद विहार से सीमापुरी तक जाने वाले मार्ग पर रात के समय अंधेरा छाया रहता है। जगह-जगह स्ट्रीट लाइट खराब या महीनों से बंद पड़ी होने के कारण लोगों को अंधेरे में ही आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों में डर का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आनंद विहार रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद मिलती हैं। यदि किसी को चौधरी चरण सिंह मार्ग से गाजीपुर की ओर जाना हो तो रेलवे लाइन के नीचे बने पुल के पास यू-टर्न लेना पड़ता है, जहां काफी अंधेरा रहता है। इस वजह से कई बार झपटमारी और मोबाइल छीनने जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं।
राहगीरों ने बताया कि विवेक विहार रेलवे स्टेशन के पास बने अंडरपास में भी एक ओर की लगभग सभी लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे वहां गहरा अंधेरा रहता है। कई लोग अंधेरे के कारण अंडरपास में गिरकर घायल भी हो चुके हैं। रात के समय लोग इस रास्ते से गुजरने से कतराने लगे हैं।
दिलशाद गार्डन क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। कई बार चोरी और झपटमारी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

