नोएडा। समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन द्वारा सेक्टर-71 स्थित बारात घर में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, धर्मगुरु एवं विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं, जहां आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मौलाना जावेद आब्दी ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती उसकी विविधता में एकता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्मों के लोग जब एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं, तो यह गंगा-जमुनी तहजीब की सशक्त मिसाल बनता है। इफ्तार पार्टी भी इसी सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है।
महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता एवं महासचिव विकास यादव ने कहा कि इस इफ्तार पार्टी में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ बैठे, जो आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि होली और ईद जैसे त्योहार देश की गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत करते हैं और समाज में प्रेम व भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को रमजान की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।

