नई दिल्ली। दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला सायरा उर्फ काली समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कई आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सायरा उर्फ काली (40), सरीफन (50), सलमा (36), सुहैल उर्फ साहिल (21), समीर (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) शामिल हैं। इनमें एक 14 वर्षीय नाबालिग भी पकड़ा गया है। सभी आरोपियों को ख्याला इलाके से गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना होली के दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में हुई थी। एक बच्ची द्वारा ऊपर से फेंका गया रंग का गुब्बारा नीचे से गुजर रही सायरा पर गिर गया, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान 26 वर्षीय युवक तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। कई जगह बैरिकेडिंग लगाई गई है और लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय बाजारों में सन्नाटा है और लोग दहशत के माहौल में हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी धाराएं लगाई गई हैं और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

