राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ वक्फ कानून 2025 लागू हो गया है, लेकिन इससे पहले लोकसभा और राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक के जनता दल यूनाईटेड की ओर से समर्थन दिए जाने का असर लगातार सामने आ रहा है। वक्फ संसोधन विधेयक पर बिहार में सत्तारूढ़ जदयू के मुस्लिम नेताओं के इस्तीफे का सिलसिला जारी है। बिहार के अलग-अलग जिलों से रोज यह खबर निकल कर सामने आ रही है। इसी क्रम में आज मोतिहारी में एक साथ जदयू के 15 मुस्लिम नेताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
यह पूरा मामला पूर्वी चंपारण के मुस्लिम बहुल इलाका ढाका विधानसभा का है। जहां जदयू के 15 मुस्लिम नेताओं ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है। इस दौरान इन नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इन नेताओं का कहना था कि हमलोग नीतीश कुमार को मुसलमानों का हितैषी समझते थे, लेकिन उन्होंने वक्फ संशोधन बिल का समर्थन कर मुसलमानों का भरोसा तोड़ दिया है।
जदयू के ढाका प्रखंड अध्यक्ष नेहाल अख्तर ने बताया कि इन सभी नेताओं में एक युवा अध्यक्ष को छोड़कर कोई भी नेता पार्टी का नहीं है। केवल विपक्षियों के द्वारा जदयू को बदनाम करने के लिए इस तरह की साजिश रची जा रही है। अगर इन सभी नेताओं ने इस्तीफा दिया है तो अपनी प्राथमिक सदस्यता का प्रमाण दें।
सीएम नितीश कुमार को झटका,वक्फ कानून पर जदयू से गुस्से में मुसलमान

Leave a Comment
