बिजली कटौती के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी हल्लाबोल प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेशभर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने नोएडा सेक्टर-19 सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर विरोध दर्ज कराया।
जिलाध्यक्ष राकेश अवाना ने कहा कि बढ़ती बिजली दरों और 10-12 घंटे तक की कटौती से आमजन बुरी तरह प्रभावित है। लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है — बच्चों की पढ़ाई, पानी की सप्लाई और रोजमर्रा के कार्य ठप हो गए हैं।
किसान प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष अशोक कमांडो ने कहा कि किसानों की फसलें बिजली न मिलने के कारण खराब हो रही हैं, और सरकार केवल दरें बढ़ाने में व्यस्त है।
युवा प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष पंकज अवाना ने आरोप लगाया कि बिजली बिल वसूली का ठेका निजी कंपनियों को देने से फर्जी बिलिंग और भ्रष्टाचार बढ़ा है, जबकि सरकार इस पर मौन है।
आप ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं:
24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगे, विशेषकर किसानों के लिए।
फर्जी मीटर रीडिंग पर कार्रवाई करते हुए दोषी कंपनियों पर सख्त कदम उठाए जाएं।
प्रदर्शन में दिलदार अंसारी, प्रशांत रावत, जयकिशन जायसवाल, इम्तियाज अहमद, श्रीकांत वैद्य सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

