बसपा में आकाश आनंद बने फिर से नेशनल कोआर्डिनेटर ! मायावती का बड़ा सियासी दांव
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। यह चौथी बार है जब मायावती ने आकाश को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 2017 में राजनीति में प्रवेश के बाद आकाश को स्टार प्रचारक से लेकर उत्तराधिकारी तक घोषित किया गया, लेकिन बीच में उन्हें पार्टी से हटाया भी गया। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर पद से हटाया गया और बाद में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि कुछ महीनों बाद मायावती ने उन्हें माफ कर पुनः जिम्मेदारी सौंपी और अब 28 अगस्त 2025 को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
अब आकाश आनंद केवल क्षेत्रीय नेता नहीं रह गए हैं, बल्कि पूरे देश में बसपा की रणनीति पर नजर रखेंगे और सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे। 2026 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह कदम पार्टी के पुनरुत्थान के लिए अहम माना जा रहा है। लगातार घटते वोट प्रतिशत और सीटों की संख्या के बीच बसपा अपनी खोई जमीन वापस पाने का प्रयास कर रही है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो बसपा का वोट शेयर और सीटें दोनों में लगातार गिरावट आई है। 2007 में पार्टी को 206 सीटें मिली थीं, जो 2022 में घटकर सिर्फ एक सीट रह गई। लोकसभा चुनावों में भी 2009 में 20 सीटें हासिल करने के बाद 2024 में बसपा एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हो सकी। इस स्थिति में आकाश आनंद को संगठन को फिर से मजबूत करने और पुराने वोट बैंक को वापस लाने की जिम्मेदारी दी गई है। अब यह देखना होगा कि वे मायावती की उम्मीदों पर कितने खरे उतरते हैं और पार्टी की राजनीतिक स्थिति में सुधार कर पाते हैं या नहीं।

