किरंदुल। बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ, किरंदुल द्वारा आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट फ्लड लाइट प्रतियोगिता को क्षेत्र में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है। व्यापारिक वर्ग द्वारा खेल क्षेत्र में इस प्रकार का भव्य आयोजन न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से सम्पूर्ण बस्तर संभाग के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त और सम्मानजनक मंच मिल रहा है। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं होता, बल्कि यह अनुशासन, एकता, परिश्रम और आपसी सौहार्द की भावना को भी मजबूत करता है। इसी दृष्टि से यह आयोजन खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य कदम माना जा रहा है।
इस सफल आयोजन के लिए संघ के माननीय अध्यक्ष, सचिव, समस्त पदाधिकारीगण, कार्यकारिणी सदस्य तथा आयोजन समिति के सभी सहयोगियों को हृदय से साधुवाद और अभिनंदन प्रेषित किया गया है।
एक खेलप्रेमी के रूप में यह भावना भी व्यक्त की गई कि इस प्रकार के आयोजनों से नगर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। किरंदुल जैसे नगर को खेल भावना से ओतप्रोत करने का यह प्रयास निश्चित ही सराहनीय है और आने वाले समय में भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
खेलप्रेमियों ने आयोजन समिति के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुनीत प्रयास लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

