उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट अभी से सुनाई देने लगी है। और इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं।
खास तौर पर नोएडा भाजपा संगठन में आने वाले एक-दो दिन काफी अहम माने जा रहे हैं। वजह है संगठन में होने वाली नई नियुक्तियां।
सूत्रों के मुताबिक, नोएडा महानगर और जिला स्तर पर 17 प्रकोष्ठों और 18 विभागों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा जल्द हो सकती है। यानी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने वाली है।
लेकिन इस बार की नियुक्तियां सिर्फ पद बांटने तक सीमित नहीं रहने वालीं। चर्चा है कि नई टीम में युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता दी जा सकती है। इसके साथ ही जातीय समीकरण, सामाजिक भागीदारी और लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं की सक्रियता को भी ध्यान में रखा जाएगा।
सबसे खास बात यह है कि इस पूरी संगठनात्मक कवायद में नोएडा महानगर अध्यक्ष *महेश चौहान* की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।
महेश चौहान ने भी नई नियुक्तियों को लेकर संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि संगठन की कोशिश रहेगी कि जिम्मेदारी ऐसे कार्यकर्ताओं को मिले, जो लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं और संगठन की गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहे हैं।
अब यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस बार किन नए चेहरों पर भाजपा अपना भरोसा जताने जा रही है?
क्या पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं को फिर से मौका मिलेगा, या फिर संगठन में युवाओं और महिलाओं को आगे लाकर नई टीम तैयार की जाएगी?
राजनीतिक जानकारों की मानें तो 2027 के चुनाव को देखते हुए ये नियुक्तियां काफी महत्वपूर्ण हो सकती हैं। क्योंकि बूथ स्तर से लेकर जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने में इन विभागों और प्रकोष्ठों की अहम भूमिका रहती है।
फिलहाल नियुक्तियों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं। ऐसे में अगले एक-दो दिनों में आने वाली सूची पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि महेश चौहान की नई टीम में किन चेहरों को जगह मिलती है और किन कार्यकर्ताओं के हाथ संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां आती हैं।
*नोएडा भाजपा की राजनीति में यह सिर्फ नई नियुक्तियां नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले संगठन की नई रणनीति का अहम हिस्सा भी मानी जा रही हैं।*
नोएडा पत्रकार तृप्ति श्रीवास्तव

