नवनीत चाँद ने चौपाटी से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च, बोले – अब लिखित जवाब चाहिए, भाषण नहीं
जगदलपुर। बस्तर में आई विनाशकारी बाढ़ को एक महीना से ज्यादा हो गया, लेकिन पीड़ितों के हाथ आज भी खाली हैं। इसी को लेकर बुधवार को जगदलपुर की सड़कों पर बाढ़ पीड़ितों का गुस्सा फूट पड़ा।
बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के बैनर तले सैकड़ों प्रभावित परिवारों ने प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद के नेतृत्व में चौपाटी में धरना दिया और फिर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
सबसे बड़ा सवाल – जब अपने अध्यक्ष की नहीं सुनी तो जनता की क्या सुनेंगे?
नवनीत चाँद ने मंच से सीधा हमला बोलते हुए कहा कि 1 अक्टूबर को खुद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विशेष पैकेज मांगा था। एक महीने बाद भी उस पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
“यह बस्तर का अपमान है। सरकार अपने ही प्रदेश अध्यक्ष की नहीं सुन रही, तो आम पीड़ित की आवाज कौन सुनेगा?” – नवनीत चाँद
पीड़ितों ने हाथों में थमाए अपने नुकसान के कागज
मार्च में शामिल परिवारों ने अपने टूटे मकान, बह गई फसल और डूबी दुकानों के व्यक्तिगत आवेदन अधिकारियों को सौंपे। मांग की गई कि हर आवेदन का पंजीयन कर मौके पर सत्यापन किया जाए, कागजों में नहीं, जमीन पर सर्वे हो।
क्या-क्या मांगा गया?
पीड़ितों की मुख्य मांग है – टूटे मकान पर 5 लाख, आधे टूटे पर 1 लाख, किसान को 62 हजार प्रति एकड़ या कर्ज माफी, मृतक के परिवार को 25 लाख + एक नौकरी, खाटीगुड़ा बांध से छोड़े गए पानी की जांच और जगदलपुर के ड्रेनेज घोटाले का ऑडिट।
अल्टीमेटम – 30 दिन
नवनीत चाँद ने साफ कहा 30 दिन में लिखित आदेश चाहिए। अगर सरकार ने फिर टालमटोल किया तो बस्तर के हर गांव, हर पंचायत से लोग सड़क पर होंगे। यह आंदोलन अब रुकेगा नहीं।”_
धरने में दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष रैमोन मड़कामी, सचिव कुरसो मौर्य, महासचिव लकमा कोर्राम, किरंदुल मंडल अध्यक्ष रामेश सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और प्रभावित परिवार शामिल रहे।

