देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। गैस की सप्लाई प्रभावित होने के कारण शहर में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सामान्य आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है, ताकि उपलब्ध स्टॉक को घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित रखा जा सके। इस फैसले का असर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ सकता है, जहां बड़े पैमाने पर कमर्शियल गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल होता है।
बताया जा रहा है कि गैस बुकिंग से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण भी उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है। कई लोगों का कहना है कि बुकिंग नंबर ठीक से काम नहीं कर रहा, जिससे सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी दोनों प्रभावित हो रही हैं।
गैस एजेंसियों के अनुसार सप्लाई में आई बाधा को जल्द ही सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही नई खेप पहुंचती है, बैकलॉग को पूरा कर दिया जाएगा और आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
फिलहाल देहरादून में गैस संकट के कारण आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता भी बढ़ गई है।

