स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के आयोजन में 200 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा, 97 खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
खेल दिवस के उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल द्वारा दिनांक 13.09.2026 को आयोजित साइकिल यात्रा एवं खिलाड़ियों के सम्मान समारोह ने नगर में खेल, स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। यह आयोजन फुटबॉल ग्राउंड से निकलकर नगर भ्रमण के बाद अंबेडकर भवन में समापन हुआ,आयोजन में नगर के 200 से अधिक बच्चों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 97 स्कूली बच्चों एवं नगर के खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रशासनिक अधिकारी एसडीओपी किरंदुल श्री अविनाश ठाकुर ने किया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. तेजप्रकाश, CSR प्रमुख, AMNS मित्तल, NMDC किरंदुल कॉम्प्लेक्स के उपमहाप्रबंधक मा. सं. तीरपत राव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी सिंह, उपाध्यक्ष श्री बबलू सिद्दीकी तथा NMDC ST/SC कर्मचारी समिति के अध्यक्ष श्री बी.एल. ताराम के साथ हरी झंडी दिखाकर किया।

मुख्य अतिथि ने स्वयं साइकिल चलाकर दिया प्रेरक संदेश कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मुख्य अतिथि श्री अविनाश ठाकुर ने स्वयं साइकिल चलाकर साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने साइकिल को केवल आवागमन का साधन न बताते हुए इसे स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं फिटनेस से जोड़ने वाला माध्यम बताया और लोगों को नियमित साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। फिटनेस के साथ पर्यावरण और सड़क सुरक्षा का संदेश
साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य फिट रहना, वायु प्रदूषण को कम करने के प्रति जागरूकता, स्वच्छ पर्यावरण, धीमी गति से सुरक्षित वाहन चलाना तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। यात्रा में बच्चों और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर इन संदेशों को नगरवासियों तक पहुंचाया।

विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का सम्मान
सम्मान समारोह में फुटबॉल, एथलेटिक्स, स्केटिंग, योग, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बाल बैडमिंटन, टेबल टेनिस एवं तैराकी सहित विभिन्न खेलों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और नगर के अन्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास बढ़ाना रहा।
खेल गतिविधियों के लिए पहचान बना रहा स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल
स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल लगातार नगर में खेल एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर वृक्षारोपण, रक्तदान, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने वाली विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। इस आयोजन के माध्यम से भी क्लब ने खेल को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया।

आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम के मंच संचालन की जिम्मेदारी छबील साहू एवं खेमेश्वर लाल साहू ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में वीरेंद्र साहू, भूपेश कश्यप, भूपेश्वर लाल साहू, प्रदीप ताती, अनिल कुमार, कमलेश पोयाम, प्रताप नायक, जॉबी जोस, तुला राम साहू, जियाउल हसन, विनोद सोना,मोती साहू, सुनील ठाकुर सहित चारों विद्यालयों के खेल शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल का यह आयोजन नगर के बच्चों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं आम नागरिकों के बीच खेल और फिटनेस के प्रति नई ऊर्जा पैदा करने वाला रहा। आयोजन से जुड़े लोगों ने भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम का संदेश
“फिट रहिए • स्वच्छ पर्यावरण अपनाइए • धीमी गति से सुरक्षित चलिए • खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कीजिए”
स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल
खेल के साथ स्वास्थ्य • पर्यावरण • समाज सेवा

