मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सर्वसमाज–सर्वधर्म सद्भाव महोत्सव की नगरभर में चर्चा — विभिन्न धर्मों, जातियों और समाजों को एकता की माला में पिरोकर एक मंच पर लाने की पहल बनी आकर्षण का केंद्र
किरंदुल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा किरंदुल द्वारा आयोजित सर्वसमाज–सर्वधर्म सद्भाव महोत्सव की चर्चा अब पूरे नगर में हो रही है। आयोजन की सबसे बड़ी खास बात यह रही कि मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक ने किरंदुल के विभिन्न धर्मों, जातियों, समाजों, वर्गों और समुदायों को एक ही मंच पर एकत्रित कर एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसने पूरे नगर का ध्यान आकर्षित किया।

प्रभात फेरी से लेकर सर्वधर्म सभा, एकता कलश, मशाल हस्तांतरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और वृक्षारोपण तक कार्यक्रम के प्रत्येक चरण में सामाजिक एकता की भावना दिखाई दी। नगरवासियों के बीच इस बात की विशेष चर्चा रही कि किरंदुल में रहने वाले अलग-अलग सामाजिक एवं धार्मिक पहचान रखने वाले लोगों को जिस आत्मीयता के साथ एक साथ लाकर खड़ा किया गया, वह पूरे आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रही।

अलग-अलग फूल, लेकिन एक ही माला—किरंदुल की एकता का संदेश
मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) की यह पहल मानो किरंदुल के अलग-अलग समाजों और समुदायों को एक-एक फूल के रूप में एकत्र कर सद्भाव और भाईचारे की एक सुंदर माला में पिरोने जैसी रही। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, समाजों के प्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों, विद्यालयों, विद्यार्थियों और नगरवासियों की एक साथ मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि पहचानें अलग हो सकती हैं, लेकिन किरंदुल की सामाजिक आत्मा एक है।

आयोजन के बाद नगर में इसकी व्यापक चर्चा होना इस बात को दर्शाता है कि सामाजिक एकता और सद्भाव की ऐसी पहल लोगों के बीच सकारात्मक प्रभाव छोड़ती है। कार्यक्रम ने श्रमिक संगठन की भूमिका को केवल श्रमिक हितों तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों और नगर की एकता से भी जोड़ने का प्रयास किया।

सद्भावना प्रभात फेरी से हुआ भव्य आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे किरंदुल सीआईएसएफ मुख्य चेक पोस्ट से सद्भावना प्रभात फेरी के साथ हुई। विभिन्न समाजों एवं वर्गों के लोगों के साथ विद्यालयों के विद्यार्थियों ,शिक्षक , शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित श्रमिक सदन (गांधी भवन) पहुंची।

गांधी भवन के समक्ष यूनियन के अध्यक्ष सचिव पदाधिकारियों के साथ साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्प वर्षा,पुष्प गुच्छ, शॉल एवं तिरंगा इंटक गमछा, टोपी भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के करकमलों से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण किया गया।

इंटक श्रमसंगठन के सचिव ने बताया आयोजन का उद्देश्य
स्वागत उद्बोधन में मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सचिव श्री ए. के. सिंह ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल गांधी–शास्त्री जयंती मनाना नहीं, बल्कि किरंदुल में रहने वाले विभिन्न समाजों, धर्मों, वर्गों एवं संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, सम्मान, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि किरंदुल की पहचान केवल एक औद्योगिक नगरी के रूप में नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों, धर्मों और समाजों के लोगों के साथ मिल-जुलकर रहने वाले एक साझा परिवार के रूप में होनी चाहिए। इसी विचार को केंद्र में रखते हुए सर्वसमाज–सर्वधर्म सद्भाव महोत्सव का आयोजन किया गया।

‘एकता कलश’ बना सामाजिक एकता का प्रतीक
समारोह में ‘एकता कलश’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने एकता कलश में अलग अलग प्रकार के अनेकों की संख्या में पुष्प अर्पित किए। अलग-अलग समाजों से आए पुष्पों का एक ही कलश में समाहित होना किरंदुल की सामाजिक एकता और सामूहिक भावना का प्रतीक बना।
यह दृश्य पूरे आयोजन की मूल भावना को साकार करता नजर आया—फूल अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन जब वे एक साथ आते हैं तो एक सुंदर माला बनती है। उसी प्रकार किरंदुल के विभिन्न समाज मिलकर एकता और सद्भाव की मजबूत माला बनाते हैं।

सर्वधर्म सभा में दिखी सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर
कार्यक्रम में एस. भारती ग्रुप द्वारा देशभक्ति (आप्रेशन सिंदूर) की नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद सर्वधर्म सभा आयोजित हुई, जिसमें श्री राघव मंदिर के धर्माचार्य/प्रधान पुजारी, मौलवी, पादरी एवं ज्ञानी जी की सहभागिता रही।
विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं का एक ही मंच पर उपस्थित होकर प्रार्थना एवं सद्भावना का संदेश देना आयोजन की प्रमुख विशेषता रही। इस अवसर पर धार्मिक विविधता के बीच आपसी सम्मान, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि के करकमलों से बच्चों को सौंपा गया मशाल
समारोह का विशेष आकर्षण मशाल हस्तांतरण कार्यक्रम रहा। मुख्य अतिथि श्री रविन्द्र नारायण, अधिशासी निदेशक, बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स ने अपने करकमलों से मशाल बच्चों को हस्तांतरित की। प्रत्येक विद्यालय से पांच-पांच बच्चों ने इसमें सहभागिता की।
मशाल को एकता, सद्भाव, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और गांधी–शास्त्री के आदर्शों की ज्योति के रूप में प्रस्तुत किया गया। नई पीढ़ी को मशाल सौंपने का भाव यह रहा कि सद्भाव और एकता की यह ज्योति पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रहे।
विभिन्न वक्ताओं ने दिया एकता और संगठन की शक्ति का संदेश
कार्यक्रम में श्री आशीष यादव, सचिव, राष्ट्रीय इंटक एवं प्रदेश इंटक छत्तीसगढ़ के सेक्रेटरी जनरल , संयुक्त खदान मजदूर संघ, किरंदुल के सचिव श्री प्रदीप कुमार नामदेव ने उद्बोधन देते हुए एकता और संगठन की शक्ति पर प्रकाश डाला। मानव संसाधन प्रमुख ने भी सामाजिक एकता और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि श्री जे. सी. दास, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्य अतिथि श्री रविन्द्र नारायण ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन आदर्शों—सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा—को याद करते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई गरिमा
कार्यक्रम के दौरान नगर के विभिन्न प्रादेशिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, श्रमसंगठन, पत्रकार, पुलिस प्रशासन , विद्यालय एवं सेवाभावी संस्थाओं के अध्यक्ष सचिव एवं पदाधिकारियों को सामुहिक रुप से सेवाभावी कार्य करने के लिए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के कर कमलों से सम्मानित किया गया तत्पश्चात नगर की स्वच्छता क्षेत्रों और सेनेटरी क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मवीरों को भी विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भर दिया और किरंदुल की सामाजिक एवं सांस्कृतिक विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया।
स्वच्छता एवं वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सद्भाव महोत्सव के अंतर्गत शाम लगभग 5 बजे से स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
श्रमिकों की आवाज से लेकर पूरे नगर वासियों की एकता, सद्भाव तक—यादगार बना आयोजन
मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) का यह आयोजन इसलिए भी विशेष रहा कि इसने श्रमिक हितों के साथ व्यापक सामाजिक सरोकारों को भी एक मंच दिया। विभिन्न समाजों, धर्मों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों, श्रमसंगठनों , विद्यालयों, विद्यार्थियों, पुलिस प्रशासन, चिकित्सक, पत्रकार , समाज सेवक क्षेत्र और नागरिकों की सहभागिता ने इसे व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
नगर में इस आयोजन की चर्चा का प्रमुख कारण यही रहा कि यूनियन ने अलग-अलग पहचान रखने वाले लोगों को एक-दूसरे के करीब लाकर एकता और सद्भाव का साझा मंच तैयार किया। प्रभात फेरी ने नगर को जोड़ा, एकता कलश ने विभिन्न समाजों को एक सूत्र में बांधा, सर्वधर्म सभा ने धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया और बच्चों को मशाल सौंपकर नई पीढ़ी को इस एकता की जिम्मेदारी आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
इस प्रकार गांधी–शास्त्री जयंती का यह महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “अलग-अलग पहचान, लेकिन एक किरंदुल—एक समाज, एकता और भाईचारे की एक माला” का जीवंत संदेश बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अतिथियों की रही उपस्थिति
मुख्य अतिथि आदरणीय श्री रविन्द्र नारायण जी, अधिशासी निदेशक ,बी आई ओ एम किरंदुल काम्प्लेक्स, विशिष्ट अतिथि श्री जयंत कुमार दास जी, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन)आदरणीय श्री अविनाश ठाकुर जी ,एसडीओपी (पुलिस) , किरंदुल, श्री वाई वी राघवुलू महाप्रबंधक ,आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया लिमिटेड ,श्री एम सुब्रमण्यम जी, महाप्रबंधक (एम एंड एस) श्री धीरेन्द्र भूषण जी, महाप्रबंधक (माइनिंग), श्री चंद्रा मंडावी जी, अध्यक्ष , मेटल माईंस वर्कर्स यूनियन (इंटक)बचेली, श्री नोमेश्वर राव जी, अध्यक्ष एस के एम एस , श्री प्रदीप कुमार नामदेव जी, सचिव एस के एम एस, डां.मनोज कुमार लाल जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, श्री एस एस नाग जी , महाप्रबंधक (संयंत्र), श्री तनवीर जावेद जी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) , श्री शशी कुमार , महाप्रबंधक (विधुत) श्री बी साम्या जी, महाप्रबंधक (सामाग्री), श्री तिरूपति राव जी , महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री नंदाल जी , महाप्रबंधक (खनन), श्री रूपेश कुमार जी, महाप्रबंधक (खनन), श्री एल के प्रधान जी,उप महाप्रबंधक (सिविल)श्री अवनीश शर्मा जी, उप महाप्रबंधक, श्री बी एल तारम जी, अध्यक्ष , NMDC एस सी एस टी कर्मचारी कल्याण समिति, (पर्यावरण) , श्री बबलू सिद्दीकी जी, उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, किरंदुल, श्री आजाद सक्सेना जी, जिला अध्यक्ष, पत्रकार संघ दंतेवाड़ा,श्री तेज प्रकाश जी, उप महाप्रबंधक, आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया लिमिटे श्री अमरिक सिंह जी , पूर्व अध्यक्ष , नगरपालिका परिषद, श्री सुरेन्द्र नायर जी, पूर्व उपाध्यक्ष, नगरपालिका परिषद, श्री डी आर यादव जी ,अध्यक्ष, NMDC सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति, श्री बाल सिंग जी पार्षद एवं पूर्व उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, श्रीमती ईला पटेल जी, पार्षद, श्रीमती गायत्री साहू जी, श्री राजू रेड्डी जी, महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी, श्री जोविंस पापाचंद जी, महामंत्री ,जिला कांग्रेस कमेटी, श्री बीनू सैमुअल जी, अध्यक्ष , केरला कल्चरल एसोसिएशन, श्री अशोक नायर जी ,समाज सेवक, श्री डी पी डहेरिया जी, गायत्री परिवार, श्री लोकनाथ चुरेंद्र जी, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक क्रीड़ा मंडल, श्री पी एल साहू जी , सचिव छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक क्रीड़ा मंडल, श्री राजेश निषाद जी, अध्यक्ष, निषाद समाज एवं विभिन्न प्रादेशिक सामाजिक सांस्कृतिक धार्मिक संस्थाओं के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी के साथ साथ विशेष रूप से चारों धर्मो के धर्म गुरु और मेटल माईंस वर्कर्स यूनियन इंटक किरंदुल के अध्यक्ष श्री विनोद कुमार कश्यप जी, कार्यकारी अध्यक्ष श्री चिन्ना स्वामी जी , समस्त पदाधिकारी, सदस्य,ठेका श्रमिक सदस्य , सुरक्षा प्रहरी सदस्य उपस्थित रहे।
मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा किरंदुल के सम्माननीय सदस्य श्री बी एल तारम जी ,श्री दिनेश साहू जी ने संचालन किया और कार्यकारी अध्यक्ष श्री चिन्ना स्वामी जी ने कार्यक्रम में सहभागी बने NMDC प्रबंधन, पुलिस प्रशासन, नगरपालिका, श्रमिक संघों, पत्रकार संघ, सभी समाजों, धर्मों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, नागरिकों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

