दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल नगर में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से दिनांक 01 फरवरी 2026, रविवार सायं 6 बजे थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एसडीओपी किरंदुल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। जिसमें बचेली के तहसीलदार श्री महेश कश्यप, थाना प्रभारी किरंदुल, समस्त थाना स्टाफ, नगर के जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के अध्यक्ष, व्यापारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगर की प्रथम नागरिक एवं पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव तक समस्त कार्यक्रमों को शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान विशेष गश्त एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार श्री महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जिसे मर्यादा एवं संयम के साथ मनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने नशामुक्त एवं अपराधमुक्त वातावरण में त्योहार मनाने की अपील करते हुए सभी से प्रशासन को सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए यह संकल्प लिया कि किरंदुल नगर में होली पर्व आपसी सद्भाव, शांति एवं कानून व्यवस्था का पालन करते हुए हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

