देहरादून। नववर्ष की पूर्व संध्या पर पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने पिटकुल परिवार को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए निगम की उपलब्धियों और आगामी लक्ष्यों को साझा किया। मुख्यालय ‘विद्युत भवन’ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
एमडी ध्यानी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में पिटकुल ने ₹82.88 करोड़ का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ (कर पूर्व ₹121.15 करोड़) अर्जित किया, जबकि वर्ष 2025 में उत्तराखण्ड शासन को साढ़े बारह करोड़ रुपये का लाभांश दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नियमित कार्मिकों, पूर्णकालिक निदेशकों तथा आउटसोर्स कर्मियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि पिटकुल की ट्रांसमिशन उपलब्धता 99.7 प्रतिशत रही और ट्रांसमिशन हानि 1 प्रतिशत से कम दर्ज की गई, जिसके चलते निगम की रेटिंग A+ से बढ़कर A++ हो गई है। इससे ऋण पर 0.25 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जिसका लाभ राज्य की जनता को मिलेगा।
एमडी ने पिटकुल की दीर्घकालिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2004-05 में जहां 17 उपसंस्थान थे, वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 51 हो गई है। वर्ष 2030 तक 72 उपसंस्थान ऊर्जीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी अवधि में लाइन लंबाई 1589 से बढ़कर 3536 सर्किट किलोमीटर और ट्रांसफॉर्मर क्षमता 1782 एमवीए से बढ़कर 9363 एमवीए हो गई है।
उन्होंने बताया कि एडीबी की पांच परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें देहरादून और कुमाऊं मंडल के महत्वपूर्ण जीआईएस उपसंस्थान शामिल हैं, जिन्हें निर्धारित समय से पूर्व पूरा किया जाएगा। साथ ही बिंदाल–पुरूकुल लाइन, पिथौरागढ़–लोहाघाट लाइन और 220 केवी बरम उपकेंद्र का कार्य भी समय पर पूर्ण किया गया है।
कार्मिक कल्याण की दिशा में वर्ष 2025 में पदोन्नति, नियमितीकरण, स्थायीकरण, एसीपी, प्रशिक्षण, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे कई उल्लेखनीय कार्य किए गए। खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भी पिटकुल के कार्मिकों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
एमडी ध्यानी ने कार्मिकों से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मूलमंत्र “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” तथा “विकल्प रहित संकल्प” को आत्मसात करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि वर्ष 2026 में पिटकुल ₹300 करोड़ के लाभ का लक्ष्य हासिल कर सके।

