नोएडा: श्रीराम मित्र मंडल, नोएडा और Medanta Hospital के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-9, नोएडा में हृदय को स्वस्थ रखने संबंधी जानकारी देने के लिए एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और हृदय रोगों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
परिचर्चा में मेदांता अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के निदेशक Dr. Parneesh Arora ने मुख्य वक्ता के रूप में हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि हृदय हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, जो पूरे शरीर में रक्त पंप करता है और ऑक्सीजन तथा पोषक तत्व हर अंग तक पहुंचाता है। यदि हृदय स्वस्थ रहता है तो शरीर के सभी अंग सही तरीके से कार्य करते हैं।
डॉ. अरोड़ा ने बताया कि हृदय शरीर में रक्त का निरंतर संचार बनाए रखता है। रक्त के माध्यम से शरीर के सभी अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचती है और यह शरीर में बनने वाली कार्बन डाइऑक्साइड तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने में भी मदद करता है।
उन्होंने हृदय रोग के प्रमुख कारणों में उच्च रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, धूम्रपान और शराब का सेवन, मोटापा, मधुमेह, अत्यधिक तनाव और व्यायाम की कमी को जिम्मेदार बताया। वहीं छाती में दर्द या दबाव, सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक थकान, चक्कर आना तथा दिल की धड़कन का तेज या अनियमित होना हृदय रोग के प्रमुख लक्षण बताए। उन्होंने कहा कि इन लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए डॉ. अरोड़ा ने संतुलित आहार लेने, हरी सब्जियां, फल, दालें और साबुत अनाज का सेवन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने नियमित व्यायाम करने, प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट पैदल चलने, धूम्रपान और शराब से दूर रहने, वजन नियंत्रित रखने तथा योग और ध्यान के माध्यम से तनाव कम करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराते रहना चाहिए।
डॉ. अरोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि अचानक तेज छाती दर्द, अत्यधिक पसीना, उल्टी या सांस लेने में कठिनाई हो तो तुरंत डॉक्टर या अस्पताल से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि यह दिल के दौरे का संकेत हो सकता है।
इस अवसर पर श्रीराम मित्र मंडल, नोएडा के अध्यक्ष Dharmapal Goyal, महासचिव Dr. Munna Kumar Sharma, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल, बजरंगलाल गुप्ता, पवन गोयल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, सहकोषाध्यक्ष अनिल गोयल, मुकेश गुप्ता, अनूप नेगी, एस.एम. गुप्ता, आर.सी. गुप्ता, नवीन पोरवाल, अर्जुन अरोड़ा, कश्मीरीलाल गोयल, भानुप्रताप सिंह और ललित सिंघल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने मुख्य वक्ता डॉ. परनीश अरोड़ा को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

