नोएडा। उत्तर प्रदेश की ‘शो विंडो’ कहे जाने वाले नोएडा शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का खतरनाक रूप देखने को मिला। सेक्टर-82 स्थित विवेक विहार सोसाइटी में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पार्क की फेसिंग तोड़ते हुए अंदर जा घुसी और जोरदार टक्कर के बाद रुक पाई।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि दुर्घटना के समय पार्क में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। अगर उस वक्त पार्क में लोग टहल रहे होते या बच्चे खेल रहे होते, तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था।
चालक को आईं गंभीर चोटें
दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा
सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो देती है और सीधे पार्क की फेसिंग तोड़ते हुए अंदर घुस जाती है।
हादसे के बाद सहमे लोग
घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोग काफी सहमे हुए नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह पूरी घटना नोएडा के फेस-2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-82 स्थित विवेक विहार सोसाइटी की बताई जा रही है।

