नोएडा। संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा के सेक्टर-110 स्थित महर्षि आश्रम रोड, रामलीला ग्राउंड के पास एक खतरनाक लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक ट्रैक्टर खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाता नजर आया।
जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रैक्टर में लोहे के पाइप और अन्य भारी सामग्री को ओवरलोड कर सड़क पर चलाया जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के वाहन क्षेत्र में लगातार देखे जा रहे हैं, जो आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि इतने बड़े स्तर पर नियमों का उल्लंघन प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इस ट्रैक्टर का मालिक कौन है और इसे किसकी सरपरस्ती में सड़कों पर उतारा जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने दोहरा मापदंड अपनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि जहां एक ओर छोटे वाहन चालकों को मामूली उल्लंघन पर तुरंत रोककर चालान कर दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड जैसे गंभीर उल्लंघन करने वाले भारी वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
इस पूरे मामले ने परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं की गई, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ तुरंत अभियान चलाया जाए, ट्रैक्टर मालिक की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

