उत्तराखंड शिरोमणि सम्मान–2025: वरिष्ठ किसान नेता भोपाल सिंह चौधरी और आरटीआई कार्यकर्ता पीयूष जोशी को किया गया सम्मानित
देहरादून, 22 जून।
निष्पक्ष पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते पांच वर्षों से जनहित के मुद्दों को निरंतर उठाते आ रहे डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म मुद्दा टीवी द्वारा अपनी स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम सभागार, देहरादून में “उत्तराखंड शिरोमणि सम्मान–2025” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही 50 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब किसान आंदोलन और पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ किसान नेता भोपाल सिंह चौधरी और सूचना के अधिकार के क्षेत्र में पारदर्शिता की अलख जगाने वाले युवा आरटीआई कार्यकर्ता एवं माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष पीयूष जोशी को “उत्तराखंड शिरोमणि सम्मान” से सम्मानित किया गया।
भोपाल सिंह चौधरी, जो किसान मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रकृति पर्यावरण संस्थान के अध्यक्ष हैं, वर्षों से प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और ग्रामीण जीवनशैली के सशक्तिकरण के लिए सक्रिय हैं। उन्होंने दिल्ली, लखनऊ, रामनगर और देहरादून जैसे शहरों में शांतिपूर्ण किसान रैलियों का नेतृत्व किया और जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया। उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और वे पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरणीय न्याय की आवाज़ बनकर उभरे हैं।
पीयूष जोशी, हल्दूचौड़ (लालकुआं) निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता, ने आरटीआई के माध्यम से सरकारी जवाबदेही, शिक्षा, स्वास्थ्य, खनन और आवारा पशुओं जैसे ज्वलंत मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप किया है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने माधवी फाउंडेशन के माध्यम से लगभग 10,000 जरूरतमंद परिवारों को सहायता प्रदान की। आरटीआई एक्टिविस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने आरटीआई को ऑनलाइन कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनकी याचिकाओं के चलते राज्य सरकार को गंभीर कार्रवाई के लिए विवश होना पड़ा।
कार्यक्रम में मुद्दा टीवी के संस्थापक व प्रधान संपादक देवेंद्र प्रसाद ने कहा, “यह सम्मान उन सभी व्यक्तियों का है जो अपने कार्यों से समाज को नई दिशा दे रहे हैं। पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित न रहकर समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज़ बननी चाहिए।”
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रीतम सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति राजेश टंडन, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक खजान दास और सविता कपूर मंच पर उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने मुद्दा टीवी को उसकी निष्पक्ष पत्रकारिता और जनभावनाओं की सच्ची अभिव्यक्ति के लिए बधाई दी।

