लखनऊ। मार्च का महीना आमतौर पर गर्मी की शुरुआत का संकेत देता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह-सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे लोगों को सर्दियों जैसा अहसास होने लगा।
मंगलवार सुबह कई इलाकों में कोहरे की घनी चादर दिखाई दी। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़े।
मैनपुरी जिले के किशनी और बेवर क्षेत्र में सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि कुछ देर के लिए दृश्यता लगभग 10 से 12 मीटर तक ही रह गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह करीब नौ बजे के बाद धीरे-धीरे कोहरा छंटने लगा और धूप निकलने के साथ जनजीवन सामान्य होने लगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिन में तेज धूप के कारण वातावरण में नमी बढ़ जाती है और रात में तापमान गिरने पर यही नमी सुबह के समय कोहरे का रूप ले लेती है। इसी वजह से मार्च के महीने में भी कई स्थानों पर कोहरा देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का असर भी देखने को मिलेगा। फिलहाल मौसम के इस अचानक बदलाव ने लोगों को हैरान कर दिया है।
highlights
Toggle
