शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 10 से 16 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
राज्य के लाहौल-स्पीति, चंबा और कांगड़ा जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने किसानों और बागवानों को भी मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
हाल के दिनों में प्रदेश के कई मैदानी जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था, जिससे गर्मी का असर महसूस किया जा रहा था। लेकिन आगामी बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने और मौसम ठंडा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी इलाकों की यात्रा करते समय सावधानी बरतें, क्योंकि बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के कारण सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं।

