पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में ‘मिशन शक्ति अभियान 6.0’ के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 16.10.2026 को पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती सुनिति द्वारा मिशन शक्ति टीम, एनजीओ टीम एवं महिला कल्याण विभाग की मौजदूगी में आर.एल. इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं दंपतियों के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पुलिस के प्रति विश्वास एवं मित्रतापूर्ण व्यवहार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से थाना स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, महिला सहायता सेवाओं, आपातकालीन पुलिस रिस्पॉन्स तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा पुलिस व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं कानून संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल एवं संतोषजनक उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित दंपतियों से उनके द्वारा पूर्व में दिए गए प्रार्थना-पत्रों एवं शिकायतों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया। अधिकांश प्रतिभागियों ने पुलिस द्वारा शिकायतों के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस के सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार की सराहना की तथा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, साइबर पोर्टल www.cyberpolice.uppolice.gov.in, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन नंबर 181 के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।
‘मिशन शक्ति अभियान 6.0’ का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों एवं आमजन के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता से संबंधित कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
