किरंदुल, दंतेवाड़ा। Sports Club Kirandul द्वारा आयोजित स्वेच्छा रक्तदाता पंजीयन कार्यक्रम नगरवासियों के उत्साह और सहयोग से अत्यंत सफल रहा। इस अभियान में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और कुल 170 नागरिकों ने रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराया।
पंजीकृत रक्तदाताओं में विभिन्न रक्त समूहों के नागरिक शामिल रहे, जिनमें A+ के 33, A- के 1, B+ के 45, B- के 2, AB+ के 15, AB- के 1, O+ के 57 तथा O- के 3 लोग शामिल हैं।
नगरवासियों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कार्यक्रम में व्यापारी संघ, श्रमिक संघ, पत्रकार संघ सहित नगर के कई सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। विशेष रूप से मातृ शक्तियों का पंजीयन और उत्साह सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के दौरान NMDC Hospital Kirandul के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सलील श्रीवास्तव ने कहा कि रक्तदान से शरीर को वैज्ञानिक दृष्टि से भी लाभ मिलता है और यह एक प्रकार से शरीर को शुद्ध करने की प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि कोविड के बाद अस्पतालों में रक्तदान से जुड़ी व्यवस्थाएँ काफी बेहतर हुई हैं। नई तकनीक के माध्यम से एक यूनिट रक्त से तीन मरीजों को लाभ पहुंचाया जा सकता है और प्लेटलेट्स अलग कर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराना भी अब आसान हो गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि किरंदुल क्षेत्र में डेंगू के मामलों के बावजूद प्लेटलेट्स की कमी से अब तक किसी की मृत्यु नहीं हुई है और अब तक 1500 से 2000 प्लेटलेट्स दान किए जा चुके हैं।
इंटक सचिव ए.के. सिंह ने रक्तदान को जीवनदान बताते हुए इसे ‘महादान’ की संज्ञा दी और कहा कि जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण कार्य है। वहीं गायत्री परिवार के पदाधिकारी डी.पी. डेहरिया ने उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे खाली बोतल में पानी फिर से भर जाता है, वैसे ही रक्तदान के बाद शरीर में रक्त दोबारा बन जाता है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
लैब टेक्नीशियन योगेश साहू और गौतम कश्यप ने जानकारी दी कि रक्तदाता बनने से संकट की घड़ी में परिवारों को सहारा मिलता है और हर तीन महीने में प्लेटलेट्स दान किया जा सकता है।
कार्यक्रम में खिलाड़ी प्रदीप ने आग्रह किया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नगर के विभिन्न स्थानों पर भी आयोजित किए जाने चाहिए।
स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल ने नगरवासियों, पंजीयनकर्ताओं, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संघ, कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन, श्रमिक संघ, मंदिर समितियों तथा पत्रकार संघों का आभार व्यक्त किया। विशेष सहयोग के लिए ओम सोनी और कुंदन सोनी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
क्लब ने संकल्प लिया कि भविष्य में ऐसे अभियान बचेली, दंतेवाड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित कर रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। कार्यक्रम में रक्तदाताओं को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश साहू द्वारा किया गया। यह अभियान नगरवासियों की एकजुटता और सेवा भावना का प्रतीक बनकर रक्तदान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
रिपोर्ट : भूपेश्वर साहू

