डी ए वी किरंदुल में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
डी.ए.व्ही. पब्लिक स्कूल, किरंदुल के सभागार में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों से सराबोर नज़र आया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री धीरेन भूषण (महाप्रबंधक – माइनिंग, बी आई ओ एम किरंदुल कॉम्प्लेक्स) थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेरणा महिला समिति की सचिव श्रीमती नंदना उपस्थित रहीं। अतिथियों का पारंपरिक व आत्मीय स्वागत करने के पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया और संपूर्ण विद्यालय परिवार ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा-स्वतंत्रता केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाती है। हमारा ध्येय विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्य, राष्ट्रप्रेम और चरित्र निर्माण की सुदृढ़ नींव रखना है। हमारे पूर्व छात्र शहीद विजय कुमार सूर्याकर का बलिदान हमारे पूरे विद्यालय परिवार के लिए सदा प्रेरणास्रोत रहेगा। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा ; कि आज का भारत तकनीक, नवाचार और विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। आने वाले कल की बागडोर आज के इन युवाओं के हाथों में है। कड़ा परिश्रम, अटूट अनुशासन और देश के प्रति समर्पण ही आपको सफलता के शिखर पर ले जाएगा। विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करने के साथ-साथ समाज और देश की प्रगति में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।” श्रीमती नंदना (सचिव, प्रेरणा महिला समिति) ने अपने संक्षिप्त संबोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और बच्चों को बेहतर शिक्षा व संस्कारों के साथ देश का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।समारोह के दौरान विद्यालय के पूर्व छात्र शहीद श्री विजय कुमार सूर्याकर को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर किरंदुल पुलिस के जवानों की विशेष मौजूदगी रही, जिन्होंने शहीद के अद्वितीय बलिदान को नमन किया।इसके पश्चात् ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों द्वारा सुरीले देशभक्ति गीत, अंग्रेजी व हिंदी में प्रभावशाली भाषण और देशप्रेम से ओत-प्रोत कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।कार्यक्रम का उत्कृष्ट मंच संचालन श्रीमती निधि मिस्त्री द्वारा किया गया तथा अंत में श्री के. पी. सिन्हा सर ने उपस्थित अतिथियों, पुलिस बल, शिक्षकों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

