नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। दीपावली के पावन पर्व के बाद मनाए जाने वाले गोवर्धन पूजा महोत्सव को लेकर नोएडा में तैयारियां शुरू हो गई हैं। भारतीय पर्व आयोजन समिति की ओर से 9 नवंबर 2026, सोमवार को सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला में विशाल गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
गोवर्धन पूजा का भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अभिमान को समाप्त करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर सात दिनों तक धारण किया था। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई जाती है। भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज जी के प्रति श्रद्धा का यह पर्व आज भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
भारतीय पर्व आयोजन समिति पिछले 26 वर्षों से इस महोत्सव का आयोजन भव्यता और धार्मिक श्रद्धा के साथ करती आ रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विशेष पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में राजू प्रिंस एवं उनकी टीम के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया जाने वाला अन्नकूट एवं छप्पन भोग होगा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नवाब सिंह नागर एवं विमला बाथम शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य यजमान मुकेश गुप्ता (के.बी. मार्ट) रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के संरक्षक सुधीर कुमार मित्तल, अध्यक्ष ओ.पी. गोयल, महासचिव डी.के. सिंघल, उपाध्यक्ष डी.के. मित्तल एवं जे.एम. गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम संयोजक विपिन अग्रवाल ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गोवर्धन पूजा महोत्सव में सहभागिता करने की अपील की है।
9 नवंबर को नोएडा में सजेगा विशाल गोवर्धन पूजा महोत्सव, अन्नकूट और छप्पन भोग होंगे आकर्षण

Leave a Comment
