चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची 15 नवंबर के बाद जारी करने की योजना पर काम कर रही है। पार्टी के अंदर दूसरी सूची को लेकर लगातार कवायद चल रही है और बहुत से विधायक व नेता बीते छह-सात दिनों के दौरान दीपावली के बहाने दिल्ली के चक्कर भी लगा आए हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि दूसरी सूची में सबसे ज्यादा मंथन उन नेताओं पर हो रहा है, जो दूसरी पार्टियों से आप में शामिल हुए थे और उन्हें हलका इंचार्ज की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। अब इन्हें ही टिकट देने की तैयारी चल रही है।
पार्टी का मानना है कि हलका इंचार्ज के तौर पर काम कर चुके नेताओं को मैदान में उतारने से संगठन को फायदा होगा, क्योंकि वे अपने-अपने इलाकों में सक्रिय रहे हैं। इनमें कुच्छेक ऐसे विधानसभा क्षेत्रों के भी हैं, जहां पार्टी का अपना ही विधायक है, लेकिन उसे टिकट दिए जाने की संभावना नहीं है।
छह मंत्रियों के नाम हो सकते हैं शामिल
इसके साथ ही आने वाली दूसरी सूची में 6 मंत्रियों के नाम भी शामिल किए जाएंगे और संभावना जताई गई है कि दो मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों में बदलाव करने पर भी विचार किया जा रहा है ताकि इलाकावार बैलेंस बनाया जा सके।
पार्टी द्वारा जारी की गई पहली सूची में शामिल 40 विधायकों में से तकरीबन 25 मालवा इलाके से ही थे और संभावना है कि दूसरी सूची में भी मालवा क्षेत्र के उम्मीदवारों का ही आंकड़ा दोआबा व माझा के मुकाबले ज्यादा रहेगा।
पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक 15 से 17 नवंबर के बीच होने की संभावना बताई गई है। इस बैठक में ही शीर्ष नेतृत्व की सलाह के मुताबिक दूसरी सूची को अंतिम रूप देकर जारी किया जाएगा।
चुनावी मैदान में उतरेगा फोकस
बताया जा रहा है कि पहली सूची में पार्टी ने जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे, उन पर प्रचार अभियान शुरू हो चुका है। दूसरी सूची के बाद पार्टी का पूरा फोकस चुनावी मैदान में उतरने पर होगा।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि टिकट का फैसला सिर्फ जीतने की क्षमता के आधार पर होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी विधायक या मंत्री को टिकट की गारंटी नहीं है। जो नेता जनता के बीच नहीं रहे, उनका टिकट कटना तय है।

