किरंदुल। बैलाडीला की लौह अयस्क खदान में 36 वर्षों तक अपनी मेहनत, लगन, कर्तव्यनिष्ठा और अनुभव से योगदान देने वाले एन.एम.डी.सी किरंदुल कॉम्प्लेक्स के खनन-14 में कार्यरत उत्खनन यंत्र संचालक श्री रमेश कुमार उपाध्याय के सेवानिवृत्त होने पर मंगल भवन, किरंदुल में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। खनन, यांत्रिकी एवं विद्युत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में खनन-14 परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री उपाध्याय को सम्मानपूर्वक विदाई दी। श्री रमेश कुमार उपाध्याय ने अपने 36 वर्षों के लंबे सेवाकाल में बैलाडीला की खदान में कार्यप्रणाली और तकनीक के अनेक परिवर्तनकारी दौर देखे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बीते वर्षों में खनन क्षेत्र की कार्यप्रणाली, तकनीक, मशीनों की उपलब्धता तथा उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। एक समय था जब खदान का मासिक उत्पादन कुछ लाख टन के स्तर पर हुआ करता था, वहीं आधुनिक तकनीक, बेहतर कार्यप्रणाली तथा अत्याधुनिक मशीनों की विश्वसनीयता और उपलब्धता में वृद्धि के साथ आज उत्पादन क्षमता में काफी विस्तार हुआ है और एक पाली में ही हजारों टन उत्पादन संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में आया यह तकनीकी एवं कार्यप्रणालीगत परिवर्तन एनएमडीसी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा वर्ष 2030 तक 100 मिलियन टन उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा। श्री उपाध्याय ने अपने कनिष्ठ साथियों एवं युवा कर्मचारियों को संदेश देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखना, वरिष्ठों के अनुभवों से सीखना और बदलती तकनीक के साथ स्वयं को निरंतर विकसित करना ही सफलता की कुंजी है। सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले श्री उपाध्याय ने अपने सेवाकाल के दौरान प्राप्त अनुभवों को हमेशा अपने सहकर्मियों और कनिष्ठ साथियों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी में बिताए 36 वर्षों के दौरान सहकर्मियों से मिला सहयोग, स्नेह और विश्वास उनकी सेवायात्रा की सबसे बड़ी पूंजी रही है। उन्होंने विदाई समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनएमडीसी के साथ बिताए 36 वर्ष उनके जीवन की एक अविस्मरणीय यात्रा रहे हैं। समारोह में मुख्य अतिथि श्री धीरेन भूषण खान प्रबंधक, किरंदुल कॉम्प्लेक्स, श्री नागेश नन्दाल, महाप्रबंधक खनन/विभागाध्यक्ष खान विभाग, श्री रूपेश कुमार, महाप्रबंधक खनन, श्री रमेश टेकाम, उप महाप्रबंधक, 14 खनन, श्री इग्निसियस मिंज, उप महाप्रबंधक, 14 खनन, श्री ऋषि जायसवाल, सहायक महाप्रबंधक, 14 खनन, श्री विनोद दिल्लीवार, प्रबंधक, 14 खनन, श्री रामकुमार देवांगन, सहायक महाप्रबंधक, विद्युत, सहित कर्मचारीगण एवं समस्त विभागीय परिवार उपस्थित रहा।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने श्री रमेश कुमार उपाध्याय के 36 वर्षों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह के दौरान श्री उपाध्याय ने भविष्य में भी एन.एम.डी.सी से अपने जुड़ाव को बनाए रखने तथा अपने अनुभव एवं सहयोग के माध्यम से संस्था की प्रगति में यथासंभव योगदान देने की भावना व्यक्त की।

