नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता एवं दीपावली मिलन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी राजनीतिक मंशा स्पष्ट करते हुए नोएडा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के मजबूत संकेत दिए।
पत्रकारों के सवाल पर विकास जैन ने कहा, “यदि समाज का समर्थन और आशीर्वाद मिला तथा समाज ने मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहा, तो मैं पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हूं। मेरी इच्छा अपने क्षेत्र में विकास की नई धारा बहाने और नोएडा की समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की है।”
भाजपा के अलावा किसी अन्य राजनीतिक दल से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी आत्मा भारतीय जनता पार्टी में बसती है और वह भाजपा के साथ ही रहना चाहते हैं। हालांकि, भविष्य की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर उन्होंने कोई अंतिम घोषणा नहीं की।
अपनी चुनावी प्राथमिकताओं पर उन्होंने कहा कि पिछले 17 वर्षों से वह जमीनी स्तर पर व्यापारियों और समाज के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं। नोएडा की मूलभूत समस्याओं, व्यापारियों के हितों और समाज के छोटे-बड़े मुद्दों को प्राथमिकता देकर क्षेत्र को नई पहचान दिलाना उनका उद्देश्य है।
विकास जैन ने पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “मुझे अपनी किस्मत नहीं चमकानी, मुझे अपने शहर को चमकाना है।” उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने हमेशा उनका मार्गदर्शन किया है और वह पत्रकार बंधुओं के स्नेह एवं सहयोग के सदैव ऋणी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा में योगदान देने वालों के सम्मान में ‘एक दिया लोकतंत्र के बचाने वालों के नाम’ अभियान की शुरुआत भी की गई। इसके अंतर्गत प्रदेश कार्यालय में लगातार तीन दिनों तक अखंड दीप प्रज्वलित किया जाएगा तथा घर-घर दीप जलाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर विकास जैन ने प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता, मनीष अग्रवाल, शक्ति सिंह, सचिन गोयल, राजेश जिंदल, विनीत गोयल, विवेक अग्रवाल, रोशनी सिंह, अमित गोयल, शिवा चौहान, मनीष शर्मा सहित अनेक व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राजनीतिक संकेत स्पष्ट हैं—विकास जैन अब नोएडा विधानसभा 2027 की संभावित दावेदारी को लेकर खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय समाज के समर्थन और राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर लेने की बात उन्होंने कही है।

