दीपावली और छठ पर्व से पहले देशवासियों को वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बनारस स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या आठ से ट्रेन को रवाना करने का कार्यक्रम निर्धारित है। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इस ट्रेन का नंबर 27421 और नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन का नंबर 27422 होगा। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन वाराणसी से रात 8.50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6.10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह नई दिल्ली से रात 9.40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
सेमी हाईस्पीड वंदेभारत ट्रेनों की शृंखला में अब वाराणसी से स्लीपर गाड़ी भी जुड़ जाएगी। यह कैंट और बनारस से चलने या गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेनों में नौवीं गाड़ी होगी। शनिवार को उद्घाटन स्पेशल के रूप में बनारस स्टेशन से रवाना होने वाली इस ट्रेन में अन्य लोगों के साथ ही विभिन्न स्कूलों के 60 बच्चे भी होंगे। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों समेत रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, उत्तर रेलवे के जीएम राजेश कुमार पांडेय, डीआरएम आशीष जैन और सुनील कुमार वर्मा समेत अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे। शनिवार को बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 के हरदत्तपुर साइड में पंडाल तैयार हो गया। अन्य तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया।
दो मेमू ट्रेनों का वर्चुअल उद्घाटन
नई दिल्ली की स्लीपर वंदे भारत के साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव वाराणसी सिटी-राजा तालाब मेमू और प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू ट्रेन को भी वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। पहले दिन कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4/5 से सिटी-राजा तालाब मेमू रवाना होगी। जबकि दूसरी मेमू प्रयागराज रामबाग से उसी समय प्रस्थान करेगी। इन स्टेशनों पर बड़े एलईडी स्क्रीनें लगाई जा रही हैं।
दूसरे प्लेटफॉर्म से गुजरेगी खजुराहो और आगरा वंदे भारत
स्टेशन पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। दिन में 2 बजे के बाद द्वितीय प्रवेश द्वार से आवागमन रोक दिया जाएगा। इस दिन प्लेटफॉर्म नंबर-8 से चलने वाली बनारस-खजुराहो वंदे भारत को प्लेटफॉर्म नंबर-3 और बनारस-आगरा वंदेभारत को प्लेटफॉर्म नंबर-1 से चलाया जाएगा।
कैंट और बनारस से चलती है 8 वंदे भारत
गौरतलब है कि अभी कैंट से नई दिल्ली के लिए दो, देवघर, रांची और मेरठ के लिए एक-एक वंदे भारत ट्रेनें जाती हैं। पटना-गोमतीनगर वंदे भारत कैंट से गुजरती है। वहीं, बनारस स्टेशन से खजुराहो और आगरा के लिए भी वंदे भारत चलती हैं।

