उत्तराखंड के दिनेशपुर क्षेत्र के जगनपुर ग्राम सभा में पहली ही बारिश ने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी है। कुछ घंटे की बरसात के बाद ही गलियों में पानी भर गया और नालियों की सफाई व जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण पूरे मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बन गई। जल निकासी का कोई रास्ता न होने से पानी गलियों में रुक गया, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कई घरों में पानी घुसने की नौबत आ गई है और लोग रोजमर्रा की गतिविधियों के लिए परेशान हैं।
गांव की जनता में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की और पूर्व प्रधान पर विकास कार्य न करने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न बनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब पहली ही बारिश में गांव की ये हालत है, तो आगे आने वाले मानसून में क्या हाल होगा – इसकी कल्पना भी डरावनी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था सुधारने और स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से बचा जा सके।

