त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही जनपद उधम सिंह नगर में चुनावी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशी अब अपने-अपने क्षेत्रों से नामांकन दाखिल करने खंड विकास कार्यालय पहुंच रहे हैं। गदरपुर खंड के विजयनगर ग्राम सभा से प्रधान पद के प्रत्याशी पति सुकोमल मंडल ने भी आज अपने समर्थकों के साथ खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
सुकोमल मंडल ने नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि वह कई वर्षों से गांव की सेवा में लगे हैं और जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी सेवा भावना के कारण उन्हें इस बार ग्रामवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला और वे चुनाव जीतते हैं, तो जो विकास कार्य बीच में रुके हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
नामांकन के दौरान कार्यालय परिसर में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला, समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने नेता के समर्थन में वातावरण को चुनावी रंग में रंग दिया। इससे स्पष्ट है कि पंचायत चुनाव इस बार गदरपुर क्षेत्र में काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने वाला है।

