बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दर्दनाक हादसे में प्रेशर कुकर फटने से एक मासूम बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना उस समय हुई जब घर में एलपीजी गैस सिलिंडर खत्म होने के कारण मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार कैंट क्षेत्र के नकटिया निवासी मजदूर राम सिंह के घर यह हादसा हुआ। शुक्रवार शाम उनकी पत्नी नन्ही देवी मिट्टी के चूल्हे पर उड़द-राजमा बना रही थीं। इसी दौरान अचानक कुकर में तेज धमाका हुआ और पास में बैठे बच्चे समेत चार लोग झुलस गए।
हादसे में बेटा कार्तिक, बेटी नेहा, देवांश और नन्ही देवी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार छोटे बेटे कार्तिक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
परिवार के मुखिया राम सिंह ने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से क्षेत्र में गैस सिलिंडर की किल्लत चल रही है। कई बार लाइन में लगने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका, इसलिए मजबूरी में घर में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान कुकर फटने से यह हादसा हो गया।
पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है, वहीं डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।

