गाजियाबाद। शुक्रवार को हिंदी भवन में प्राधिकरण विभिन्न योजनाओं के 89 से अधिक भूखंडों की नीलामी करेगा। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस नीलामी में पहली बार मिक्स लैंड यूज (मिश्रित उपयोग) के भूखंड भी बिक्री के लिए रखे गए हैं। इससे खरीदार एक ही भूखंड पर प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत कराकर आवासीय और व्यावसायिक दोनों गतिविधियां संचालित कर सकेंगे।
नीलामी में इंदिरापुरम और उसकी विस्तार योजना के अलावा अन्य योजनाओं के 120 वर्गमीटर से लेकर करीब सात हजार वर्गमीटर तक के आवासीय, व्यावसायिक, ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम और अन्य संस्थागत भूखंड शामिल हैं। इसमें केवल वही बोलीदाता भाग ले सकेंगे, जिन्होंने 13 जुलाई तक आवेदन किया है।
योजना में सबसे अधिक भूखंड नीलामी के लिए रखे गए
इंदिरापुरम और उसकी विस्तार योजना में सबसे अधिक भूखंड नीलामी के लिए रखे गए हैं। मिक्स लैंड यूज प्लॉट की शुरुआत से उन लोगों को फायदा होगा, जो आवास के साथ व्यवसाय भी करना चाहते हैं। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नीलामी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिन बोलीदाताओं ने आवेदन किया है वह अपनी पसंद के भूखंड के लिए बोली लगाकर उसे खरीद सकते हैं।

