नोएडा में आयोजित भव्य साहित्यिक समारोह: ‘नीरांजलि’ पत्रिका का लोकार्पण एवं रचनाकारों का सम्मान

नोएडा
प्रसिद्ध साहित्यिक संस्था गीतांजलि काव्य प्रसार मंच द्वारा नोएडा मीडिया क्लब में एक भव्य साहित्यिक आयोजन संपन्न हुआ। रविवार को सेक्टर 29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में मंच द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित वार्षिक प्रिंट पत्रिका ‘नीरांजलि’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान देने वाले रचनाकारों को ‘नीरांजलि साहित्य सम्मान 2025’ से सम्मानित भी किया गया।
मंच की अध्यक्ष एवं पत्रिका की संपादक डॉ. गीतांजलि नीरज अरोड़ा ‘गीत’ ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि ‘नीरांजलि’ पत्रिका मंच के संस्थापक, परम् श्रद्धेय नीरज अरोड़ा जी की स्मृति एवं उनके साहित्यिक योगदान को समर्पित है। उन्होंने बताया कि नीरज जी के जन्मदिवस 1 जुलाई 2023 को ‘नीरज कुंज ई-पत्रिका’ की शुरुआत हुई थी, और अब उसका वार्षिक विशेषांक प्रिंट स्वरूप में प्रकाशित किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त साहित्यकार, कवि एवं लेखक डॉ. प्रेम भारद्वाज ‘ज्ञानभिक्षु’ ने की। समारोह में प्रख्यात राष्ट्रीय साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर, अंतरराष्ट्रीय लेखक, पत्रकार एवं विचारक डॉ. शंभू पंवार अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह में देशभर से पधारे अनेक वरिष्ठ साहित्यकारों ने मंच की गरिमा को बढ़ाया, जिनमें डॉ. सूक्ष्मलता महाजन, डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. वीणा मित्तल, डॉ. पुष्पा जोशी, डॉ. नीरजा मेहता एवं डॉ. सुमन मोहिनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इला जायसवाल एवं डॉ. कामना मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि स्वागत भाषण मंच की अध्यक्ष डॉ. गीतांजलि नीरज अरोड़ा ने प्रस्तुत किया।
इस भावुक अवसर पर श्रद्धेय नीरज अरोड़ा जी की सुपुत्री भाविका अरोड़ा ने अपने पिता के व्यक्तित्व और कृतित्व पर एक प्रेरणादायक संबोधन दिया।
✨ 70 से अधिक रचनाकारों को प्रदान किया गया सम्मान
नीरज कुंज पत्रिका के सचिव देवेंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर 70 से अधिक साहित्यकारों को उनकी सृजनशीलता, साहित्यिक समर्पण तथा भाषा एवं संस्कृति के संवर्धन में योगदान के लिए ‘नीरांजलि साहित्य सम्मान 2025’ से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय नीरज अरोड़ा जी का साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके सपनों को साकार करने के लिए मंच की पूरी टीम डॉ. गीतांजलि नीरज अरोड़ा के नेतृत्व में संकल्पबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में सचिव देवेंद्र प्रकाश शर्मा ने सभी अतिथियों, सम्मानित रचनाकारों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया।

