किरंदुल। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (INTUC), शाखा किरंदुल द्वारा 15 अगस्त 2026 को किरंदुल नगर में भव्य “तिरंगा यात्रा,बाइक रैली” का आयोजन किया जा रहा है।
🇮🇳तिरंगा बाइक रैली सुबह 11:30 बजे किरंदुल फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होगी और नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए किरंदुल का भ्रमण कर इंटक श्रमिक सदन गांधी भवन में समापन होगा। हाथों में आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लिए बाइक सवार देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और भी यादगार बनाएंगे। रैली में सम्माननीय प्रशासन, प्रबंधन, संगठन, जनप्रतिनिधि, मिडिया, युवा , महिलाएं, पुरुष, वरिष्ठ नागरिक परिवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता अपेक्षित है।
इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। रैली के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित करते हुए “अनेकता में एकता” तथा स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (INTUC), शाखा किरंदुल के सचिव ने कहा, “तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना को और मजबूत करने का प्रयास है। हम किरंदुल के प्रशासन, प्रबंधन, संगठन, जनप्रतिनिधि, मिडिया और नगरवासियों से परिवार सहित उपस्थिति के लिए अपील करते हैं कि वे इस देशभक्तिपूर्ण आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल होकर तिरंगा बाइक रैली को ऐतिहासिक एवं सफल बनाएं।”
यूनियन ने नगर के सम्माननीय प्रशासन,प्रबंधन, नगरपालिका, पुलिस , सीआईएसएफ, बैंक, विद्यालय, पोस्ट ऑफिस, श्रमिक संगठन, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधि, मिडिया/पत्रकार बंधु, प्रादेशिक ,सामाजिक, सांस्कृतिक , धार्मिक, व्यापारी , ठेकेदार, बीटीओ एवं सेवाभावी समस्त संगठनों, संस्थाओं एवं समस्त नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस राष्ट्रीय गौरव के आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
सुरक्षा का भी रखें विशेष ध्यान
रैली में शामिल होने वाले सभी बाइक सवारों से हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, निर्धारित गति में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने का अनुरोध किया गया है, ताकि देशभक्ति का यह उत्सव सुरक्षित, अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो।
🇮🇳 आइए, तिरंगे की शान में एक साथ निकलें और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति के उत्सव के रूप में मनाएं। 🇮🇳

