किरंदुल/बचेली नगर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया गौरव पथ आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।गौरव पथ अब आम लोगों के लिए आवागमन का मार्ग नहीं, बल्कि लौह अयस्क से लदे भारी-भरकम ट्रकों का अवैध पार्किंग केंद्र बन गया है।
सड़क पर ही कतार में खड़े रहते हैं ट्रक
स्थानीय लोगों ने बताया कि किरंदुल के गौरव पथ पर दोनों तरफ दिन-रात सैकड़ों ट्रक लापरवाही से खड़े कर दिए जाते हैं। चालकों द्वारा ट्रकों को बेतरतीब तरीके से सड़क पर ही छोड़ दिया जाता है, जिससे आधी से ज्यादा सड़क घिर जाती है। रात के समय पार्किंग लाइट तक नहीं जलाई जाती, जिसके कारण सामने से आ रहे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को कुछ दिखाई नहीं देता। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
धूल से सांस लेना दूभर, दुकानदार परेशान
ट्रकों की आवाजाही और खड़े ट्रकों से निकलने वाली लौह अयस्क की लाल धूल से पूरे गौरव पथ पर धुंध छाई रहती है। तस्वीर में भी साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर धूल का गुबार उड़ रहा है। इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क किनारे के दुकानदारों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों का कहना है ना तो यातायात पुलिस इन पर कोई कार्यवाही करता है ना ही जिला प्रशासन स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गौरव पथ को तत्काल ट्रक मुक्त किया जाए, अवैध पार्किंग करने वाले ट्रक चालकों पर जुर्माना लगाया जाए और धूल से निजात दिलाने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए।

