गाजियाबाद। क्राॅसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की जीएच-7 सोसायटी में बुधवार सुबह पूर्व एओए पदाधिकारियों के बीच लिफ्ट के अंदर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। घटना के बाद सोसायटी प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। एक पक्ष ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार सुबह लगभग आठ बजे टावर-आठ की लिफ्ट में पूर्व एओए पदाधिकारी दीपक चोपड़ा और प्रह्लाद कुमार आमने-सामने आ गए। किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। कुछ ही देर में विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई।
धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखे
बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान लिफ्ट अलग-अलग मंजिलों पर रुकती रही, लेकिन दोनों के बीच विवाद जारी रहा। मारपीट के दौरान एक महिला भी लिफ्ट में दिख रही है। चार मिनट 41 सेकंड के वीडियो में एक मिनट 50 सेकंड तक नोकझोंक होती है। इसके बाद मारपीट शुरू हो जाती है।
लिफ्ट से बाहर आ गई महिला
मारपीट के दौरान लिफ्ट में मौजूद तीसरी महिला उतर जाती है। मारपीट किस बात को लेकर हुई, इसके बारे में पता नहीं चल सका। घटना के बाद सोसायटी में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे दिन इस मामले को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
घटना की सूचना डायल-112 पर काॅल करके दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि दीपक चोपड़ा की शिकायत पर प्रह्लाद कुमार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

