-नोएडा से प्रमोद दीक्षित की खास रिपोर्ट-
तीन तीन खासियत और खुशुसियत वाले मुकेश शर्मा कौन हैं? इस प्रश्न का अगला और महत्वपूर्ण हिस्सा यह है कि आखिर ये महानुभाव हैं किस पाले में? दरअसल नोएडा जैसी दुधारू गाय पर राजनीतिक शक्ति हासिल करने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत कई लोग सक्रिय हो रहे हैं। सत्तारूढ़ भाजपा से टिकट की आस लगाने वाले लोगों की तो लंबी कतार है ही, समाजवादी पार्टी से टिकट हासिल कर चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों की भी कमी नहीं है। बताया गया है कि नोएडा के एक वरिष्ठ सपा नेता ने कुछ समय पहले मुकेश शर्मा को अखिलेश यादव से मिलवाया था। मुकेश शर्मा ने उनसे नोएडा से चुनाव लड़ने की इच्छा प्रकट की तो सपा प्रमुख ने उन्हें नोएडा में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंप दी।बिट्स पिलानी से शिक्षित और एक सैकड़ों करोड़ रुपए की कंपनी के पूर्व मालिक रहे मुकेश शर्मा को राजनीतिक दल के संगठन को मजबूत करने का कोई अनुभव नहीं है परंतु अच्छी आर्थिक स्थिति के बूते उन्होंने इसके लिए हामी भर दी। इसके साथ ही उन्होंने शहर भर में अपने पोस्टर लगवा दिए जिनमें उन्होंने स्वयं को उद्यमी, शिक्षाविद और समाजसेवी घोषित किया हुआ है। आजकल वे नोएडा में कवि कुमार विश्वास की रामकथा के आयोजन में जुटे हुए हैं। कुमार विश्वास कविता और रामकथा के साथ आजकल भाजपा कथा भी बांच रहे हैं।वे स्वयं सत्ता की खोज में बताए जाते हैं परंतु मुकेश शर्मा जैसे नवजात नेता उनसे रामकथा सुनकर अपनी राजनीतिक वैतरणी पार करने के मंसूबे पाले हुए हो सकते हैं।तीन दिन चलने वाली इस कथा के लिए निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सबसे पहले और सबसे अधिक भाजपा नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। क्या यह नवजात नेता भाजपा में भी अपनी संभावनाएं तलाश रहा है? बताया गया है कि समाजवादी पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं ने इस नेता को चुनाव लड़ाने के नाम पर अपना असामी समझ लिया है। उनकी लूट खसोट से बचने और सत्तारूढ़ पार्टी में टिकट न सही, कोई अच्छा पद मिलने की उम्मीद पर भाजपा नेताओं से निकटता बढ़ाई जा रही है। उधर भाजपा के एक वरिष्ठ स्थानीय नेता के पुत्र द्वय मुकेश शर्मा के साथ साये की भांति चिपके हुए हैं।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट देखें)
नोएडा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तीन खासियतों वाले मुकेश शर्मा की सपा से दावेदारी तो भाजपा से नातेदारी!

Leave a Comment
