नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
विशाल पहलवान को प्रदेश उपाध्यक्ष और राहुल वाल्मीकि को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नोएडा। दीपावली के अवसर पर सामाजिक सौहार्द, संगठनात्मक एकजुटता और पुलिस-प्रशासन के प्रति सम्मान का संदेश देते हुए भारतीय मजदूर परिषद ने दीपावली मिलन समारोह एवं प्रशासन सम्मान अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सेक्टर-27 स्थित सांसद डॉ. महेश शर्मा के कैंप कार्यालय से हुई। यहां परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र प्रधान ने फूलमाला, पुस्तक और दीपावली की मिठाई भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद परिषद की टीम सेक्टर-49 थाना, सेक्टर-24 थाना और सेक्टर-39 स्थित एसीपी तृतीय कार्यालय पहुंची। यहां पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पगड़ी, फूलमाला और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विशाल पहलवान को उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष तथा ग्रेटर नोएडा निवासी राहुल वाल्मीकि को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमाला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष निधि शर्मा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने संगठन में एकजुटता, सामाजिक समरसता और महिला सहभागिता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सुरेंद्र गुर्जर, सतपाल गुरुजी और पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सोनू वाल्मीकि, महिला मंडल जिला अध्यक्ष प्रभा शर्मा, राष्ट्रीय सचिव स्वीटी त्यागी, विनय पहलवान, राजेश सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र प्रधान ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन से मिलने वाली प्रेरणा पर प्रकाश डालते हुए सभी को छोटी दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर परिषद समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकारों और उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। संगठन का उद्देश्य श्रमिकों सहित समाज के जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और जनसेवा के संकल्प को दोहराया। दीपावली मिलन समारोह के माध्यम से परिषद ने पुलिस-प्रशासन, पत्रकारों और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग का संदेश दिया।

