चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में चंपावत जनपद विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत विधायक निधि के माध्यम से चंपावत विधानसभा क्षेत्र की 113 ग्राम सभाओं एवं नगर क्षेत्र के 27 वार्डों में कुल ₹8 करोड़ 70 लाख की धनराशि से व्यापक विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिससे जनपद में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक के रूप में धामी के मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। स्वीकृत कार्यों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं।
विधायक निधि से सार्वजनिक मेला स्थलों के विकास के 77 कार्य, सीसी मार्ग निर्माण के 81, संपर्क मार्ग निर्माण के 39 तथा मार्ग सुधारीकरण के 17 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त इंटरलॉक टाइल्स, हल्के मोटर वाहन मार्ग एवं आईबीएम भरान से जुड़े कार्यों से सड़कों की गुणवत्ता और यातायात सुरक्षा में सुधार होगा।
जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए पेयजल स्रोत, शौचालय, वाटर कूलर एवं ह्यूम पाइप से संबंधित कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु जन मिलन केंद्र, सामुदायिक भवन, कक्ष निर्माण एवं फर्नीचर सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में मंदिर सौंदर्यीकरण के 44 कार्य, होली प्रांगण, रामलीला मंच, प्रवेश द्वार एवं मुक्तिधाम निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए पार्क, टीन शेड, साइकिल स्टैंड एवं सौर ऊर्जा प्लांट के कार्य भी किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण और स्मार्ट क्लास की स्थापना से शैक्षिक सुविधाओं में सुधार होगा, वहीं युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा। सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत सुरक्षा दीवार, घेरवाड़, पुलिया, चारदीवारी एवं लघु मरम्मत के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
नोडल अधिकारी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी शत-प्रतिशत विधायक निधि जनहित एवं विकास कार्यों के लिए समर्पित की है, जिसके परिणामस्वरूप चंपावत में विकास को अभूतपूर्व गति मिली है।
आंग्ल नववर्ष 2026 के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने विकास की इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश एवं जनपदवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए यह संकल्प दोहराया कि विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी और शेष कार्यों को अन्य योजनाओं के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।

