नोएडा में सजने जा रहा है आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति का भव्य मंच! श्री सनातन धर्म रामलीला समिति इस वर्ष लगातार 41वीं बार भगवान श्रीराम की लीला का शानदार आयोजन करने जा रही है।
11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए में होने वाली इस रामलीला में दिल्ली और मुंबई के प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्मी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात, जिसमें बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, रथ और आकर्षक झांकियां शहर की शोभा बढ़ाएंगी।
वहीं, इस बार मंच की भव्यता भी देखने लायक होगी। केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम और जगन्नाथ पुरी धाम की थीम पर तैयार मंच, थ्री-डी इफेक्ट और एलईडी तकनीक रामलीला को खास बनाएंगे।
20 अक्टूबर को विजयदशमी पर होगा बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन। रावण 80 फीट, कुंभकरण 75 फीट और मेघनाद 65 फीट ऊंचा होगा। आकर्षक आतिशबाजी इस आयोजन की रौनक बढ़ाएगी।
इसके साथ ही दर्शकों के लिए फूड स्टॉल, झूले, सर्कस और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम भी होंगे। 21 अक्टूबर को भरत मिलाप, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और डांडिया के साथ रामलीला का समापन होगा।
श्री सनातन धर्म रामलीला समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचकर इस भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।


