कार्यकुशलता, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा की बनी मिसाल; एनएमडीसी के साथ खेल और श्रमिक संगठन के क्षेत्र में भी रहा उल्लेखनीय योगदान, भावपूर्ण माहौल में सपरिवार दी गई गरिमामय विदाई
किरंदुल।एनएमडीसी किरंदुल परियोजना में लगभग 32 वर्षों तक अपनी मेहनत, निष्ठा, अनुशासन और समर्पण से उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ कर्मचारी एवं यूनियन के सदस्य श्री सुनील कुमार ठाकुर के सेवानिवृत्त होने पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), किरंदुल द्वारा इंटक श्रमिक सदन ( गांधी भवन ) में गरिमामय सेवा सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अपनी धर्मपत्नी एवं ज्येष्ठ पुत्र के साथ समारोह में पहुंचे श्री सुनील कुमार ठाकुर का इंटक परिवार ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। यूनियन के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारियों, महिला सदस्यों तथा माइनिंग विभाग के उनके साथी कर्मचारियों की उपस्थिति ने विदाई के इन पलों को बेहद भावपूर्ण बना दिया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके 32 वर्षों के उत्कृष्ट, अनुशासित और समर्पित सेवाकाल को नमन करते हुए उन्हें ‘सेवा सम्मान’ प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गई।
अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए श्री सुनील कुमार ठाकुर ने उपस्थित सदस्यों को कर्तव्य के प्रति सदैव जागरूक रहने तथा कार्यकुशलता प्राप्त करने के लिए अपने कार्य को हर स्तर पर सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान अथवा संगठन की वास्तविक मजबूती उसके सदस्यों की कार्यकुशलता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना पर निर्भर करती है।
उन्होंने अपने सेवाकाल से जुड़े अनुभवों और संघर्षों को साझा करते हुए कहा कि कार्य के प्रति ईमानदारी, सीखने की इच्छा और समयबद्धता व्यक्ति को न केवल बेहतर कर्मचारी बनाती है, बल्कि संस्थान की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भागीदार बनाती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष श्री विनोद कुमार कश्यप ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने श्री ठाकुर की कार्यकुशलता, स्पष्टवादिता और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि श्री सुनील कुमार ठाकुर ने न केवल एनएमडीसी की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया, बल्कि इंटक यूनियन को मजबूती प्रदान करने में भी सदैव सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि संगठन अपने प्रत्येक साथी के श्रम, संघर्ष और समर्पण का सम्मान करता है। सेवानिवृत्ति सेवाकाल का समापन अवश्य है, लेकिन वर्षों के दौरान बनाए गए आत्मीय संबंध, अनुभव और योगदान हमेशा संगठन एवं सहकर्मियों की स्मृतियों में जीवित रहते हैं।
यूनियन सचिव श्री ए.के. सिंह ने कहा कि किसी भी संस्थान की असली ताकत उसके ईमानदार, कर्मठ और समर्पित कर्मचारी होते हैं। श्री सुनील कुमार ठाकुर ने अपने सेवाकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समयबद्धता और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए एनएमडीसी किरंदुल परियोजना की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने विशेष रूप से श्री ठाकुर के खेल क्षेत्र में दिए गए योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जिले में वॉलीबॉल खेल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से अनेक खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने का अवसर मिला।
श्री सिंह ने कहा कि “इंटक अपने प्रत्येक सदस्य को परिवार का हिस्सा मानती है। सेवाकाल समाप्त हो सकता है, लेकिन संगठन से बना आत्मीय रिश्ता कभी समाप्त नहीं होता। इंटक परिवार अपने सदस्यों के सुख-दुख में सदैव साथ खड़ा रहता है।”
इस अवसर पर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष श्री चिन्ना स्वामी, श्री दिलीप सिंह, श्री बी.जी. प्रदीप, श्री पवन डेविड, श्री पी.एल. साहू सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्री सुनील कुमार ठाकुर के साथ बिताए सेवाकाल के अनुभवों और स्मृतियों को साझा किया। वक्ताओं ने उनके मुखर एवं स्पष्ट व्यक्तित्व, कर्मठता, कार्यकुशलता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं विशेषताओं के कारण उन्हें उनके कार्यक्षेत्र और संगठन में लंबे समय तक सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन यूनियन के उपाध्यक्ष श्री देवनारायण ने किया।
समारोह में राकेश लाल, जी. रवि, ओम कुमार साहू, सैयद जियाउल हसन, शैलेश रथ, सौरभ पात्रे, देवेंद्र साहू, बृजेश मिश्रा, तरुण साहू, एम.के. मल्लाह, टीकम साहू, सूर्या प्रकाश मौर्य, खेमेश्वर साहू एवं आशीष सहित यूनियन के पदाधिकारी, आम सदस्य, ठेका श्रमिक एवं सुरक्षा प्रहरी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी साथियों ने श्री सुनील कुमार ठाकुर एवं उनके परिवार के स्वस्थ, सुखमय, समृद्ध और सम्मानपूर्ण जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

