नोएडा। नवरात्रि और दशहरे के अवसर पर सेक्टर-46 के रामलीला ग्राउंड में आयोजित मेले में ब्रह्माकुमारीज, सेक्टर-46 केंद्र द्वारा एक विशेष आध्यात्मिक स्टॉल लगाया गया है। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा संचालित यह स्टॉल मेले में आने वाले लोगों के बीच राजयोग ध्यान, आत्मिक शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश पहुंचा रहा है।
स्टॉल की प्रमुख संचालिका एवं केंद्र की प्रभारी बीके लीना दीदी ने विभिन्न आध्यात्मिक चित्रों, चार्ट्स और संदेशों के माध्यम से लोगों को समझाया कि दशहरे का पर्व केवल बाहरी रावण के पुतले का दहन करने तक सीमित नहीं है। यह अवसर व्यक्ति को अपने भीतर छिपे क्रोध, अहंकार, लोभ, मोह, ईर्ष्या और नकारात्मक विचारों रूपी अंधकार को पहचानकर उस पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने बताया कि नियमित राजयोग ध्यान के अभ्यास से व्यक्ति अपने विचारों को सकारात्मक दिशा दे सकता है, मन को शांत रख सकता है तथा जीवन की परिस्थितियों के बीच संतुलित और प्रसन्न रहना सीख सकता है। उन्होंने कहा कि सच्ची विजय तभी है, जब मन में शांति, प्रेम, पवित्रता और शुभभावनाओं का प्रकाश जगे।
स्टॉल पर आगंतुकों को यह भी संदेश दिया जा रहा है कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत दूसरों से नहीं, बल्कि स्वयं से होती है। सेवा, परोपकार, सभी के प्रति शुभकामना और सद्भावना रखना प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है।
बीके लीना दीदी ने लोगों से प्रतिदिन कुछ समय आत्मचिंतन और राजयोग ध्यान के लिए निकालने का आग्रह किया।
इस आयोजन में बीके ऋतुभेन, बीके रेनू बहन, विजया बहन, रंजना बहन, सुचित्रा बहन, रविंदर भाई, श्रीओम भाई, पंकज भाई, माथुर भाई सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्टॉल मेले में आने वाले लोगों के लिए आध्यात्मिक जागृति और आत्मपरिवर्तन का प्रेरणादायी केंद्र बना हुआ है।

